अहमदाबाद प्लेन क्रैश: पिया मिलन से पहले बुझ गई खुशबू की 'आस', जोधपुर की नवविवाहित बहू की मौत!
अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे में जोधपुर की नवविवाहित बहू खुशबू राजपुरोहित की मौत हो गई। शादी के चार महीने बाद लंदन जा रही खुशबू की पिया मिलन की आस विमान हादसे में ही बुझ गई।

गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुए एयर इंडिया के विमान हादसे ने एक बार फिर अनगिनत सपनों को तोड़ दिया। अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाला AI 171 विमान क्रैश हो गया, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। इस भयावह त्रासदी में राजस्थान के जोधपुर की नवविवाहित बहू खुशबू राज पुरोहित भी शामिल थीं, जो शादी के बाद अपने पति विपुल के पास लंदन जा रही थीं, लेकिन पिया मिलन की आस लिए प्लेन में चढ़ी खुशबू की अपने पति से मिलने से पहले ही हादसे में मौत हो गई।
जनवरी में हुई थी शादी, 4 महीने बाद जा रही थीं लंदन
खुशबू राजपुरोहित की शादी इसी साल 18 जनवरी 2025 को जोधपुर के रहने वाले विपुल राजपुरोहित से हुई थी, जो लंदन में नर्सिंग ऑफिसर हैं। शादी के मात्र 4 महीने बाद खुशबू भी लंदन शिफ्ट होने के लिए जा रही थीं। वह बुधवार शाम को ही अहमदाबाद के लिए रवाना हुई थीं और वहाँ से अहमदाबाद सिविल एयरपोर्ट से लंदन की फ्लाइट ली थी। खुशबू मूल रूप से बालोतरा के अराबा दुधावास गाँव की निवासी थीं।
खुशबू के पिता मदन सिंह राजपुरोहित मिठाई कारोबारी हैं। जोधपुर के सरस्वती नगर में भी उनके निवास हैं, और विपुल के पिता गजेंद्र सिंह राजपुरोहित का पाली में भी कारोबार है। शादी के बाद 2 महीने तक विपुल जोधपुर में ही रहा, और इसके बाद वह वापस अपनी ड्यूटी पर लंदन चला गया। खुशबू के डॉक्यूमेंट्स तैयार नहीं हो पाए थे, जिसकी वजह से वह लंदन नहीं जा पाई थीं और जोधपुर में ही रह रही थीं, इस दौरान वह कभी ससुराल तो कभी मायके में रहीं।
टिकट कन्फर्म न होने से टली थी पहले की यात्रा
खुशबू के पति के जाने के 2 महीने बाद जब उनके डॉक्यूमेंट्स तैयार हुए, तो उन्होंने पति के पास जाने का प्लान बनाया। पहले मंगलवार को खुशबू लंदन के लिए अपने एक दोस्त के साथ अहमदाबाद से यात्रा करने वाली थीं, लेकिन उनका टिकट कंफर्म नहीं होने की वजह से वह नहीं जा पाईं। इसके बाद गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन जाने वाली AI 171 एयर इंडिया के विमान में उनका टिकट कंफर्म हुआ, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद प्लेन क्रैश हो गया। अब खुशबू की कोई जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है, हालांकि माना जा रहा है कि खुशबू इस हादसे का शिकार हो गईं।
लंदन जाने से पहले खुशबू जोधपुर के अपने ससुराल से अपने पीहर बालोतरा गई थीं। दो दिन अपने माता-पिता के पास रहने के बाद वह बुधवार शाम बालोतरा से अपने पिता के साथ अहमदाबाद लंदन की फ्लाइट पकड़ने के लिए रवाना हुई थीं। बीच में वह पाली के जवाहर नगर में अपने सास-ससुर का आशीर्वाद लेने के लिए भी रुकी थीं। इसके बाद वह गुरुवार सुबह अहमदाबाद पहुंचीं और फिर लंदन के लिए रवाना हुईं।
एयरपोर्ट का भावुक कर देने वाला वीडियो वायरल
इस दर्दनाक घटना के बाद खुशबू के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो उस वक्त का है, जब उनके पिता उन्हें अहमदाबाद के एयरपोर्ट पर ड्रॉप करने गए थे। तब एयरपोर्ट के अंदर जाते हुए यह वीडियो बनाया गया था, और यह खुशबू के आखिरी पलों का वीडियो था। दूसरा वीडियो उनका पारंपरिक राजपूती वेशभूषा में सामने आया है, जिसमें वह लंदन के लिए अपने घर बालोतरा पीहर से रवाना हो रही हैं। इस दौरान वह अपने परिवार वालों से गले मिलकर भावुक नज़र आ रही हैं। खुशबू और उसके माता-पिता उसे विदा करते हुए रोते हुए दिख रहे हैं। इसके साथ ही उनका एक फोटो भी पति के साथ अब सामने आया है।
खुशबू के पिता मदन सिंह राजपुरोहित और उनके चचेरे भाई खुशबू के साथ उन्हें अहमदाबाद छोड़ने गए थे। उनके अहमदाबाद से निकलने से पहले ही विमान हादसे की जानकारी उन्हें मिल गई। अब वह खुशबू की तलाश कर रहे हैं। हादसे में मिले शवों को अहमदाबाद के अस्पतालों में पहुंचाया गया है, लेकिन खुशबू के बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आ पाई है। बताया जा रहा है कि खुशबू के शव को जोधपुर लाया जाएगा। वहीं, खुशबू के पति विपुल भी अब जोधपुर के लिए लंदन से रवाना हो चुके हैं। जोधपुर से भी परिवार के कई लोग अहमदाबाद के लिए रवाना हुए हैं।