चंदौली पुलिस लाइन में शहीद दुर्गेश कुमार सिंह को नम आंखों से श्रद्धांजलि

पुलिस लाइन चंदौली में शहीद मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और अन्य पुलिसकर्मियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद जौनपुर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे।

चंदौली पुलिस लाइन में शहीद दुर्गेश कुमार सिंह को नम आंखों से श्रद्धांजलि

चंदौली पुलिस लाइन में आज एक गमगीन माहौल था, जब जनपद जौनपुर के चंदवक थाने में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस शोक सभा में पुलिस अधीक्षक चंदौली श्री आदित्य लांग्हे, जिले के क्षेत्राधिकारीगण, अन्य पुलिस अधिकारी, पुलिसकर्मी और शहीद दुर्गेश के शोकाकुल परिजन शामिल हुए।

सभी अधिकारियों और शहीद के परिजनों ने नम आंखों से दुर्गेश कुमार सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित हर व्यक्ति का हृदय शहीद के सम्मान में डूबा हुआ था।

बता दें कि शहीद मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार सिंह चंदौली जनपद के सकलडीहा थाना क्षेत्र के उकनी वीरमराय गांव के निवासी थे और वर्तमान में जौनपुर के चंदवक थाने में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

गत 17/18 मई 2025 की रात्रि में चंदवक थाना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि 14 मई 2025 को पुलिस टीम पर जिस वाहन से हमला किया गया था, वह पिकअप वहीं मौजूद है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, लेकिन पिकअप और उसमें बैठे अभियुक्तों ने पुलिस टीम, आम नागरिकों और अन्य वाहनों पर जानलेवा हमला करते हुए वहां से भागने का प्रयास किया।

ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी दुर्गेश सिंह ने इस दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए न केवल आम लोगों और पुलिस टीम की जान बचाने का प्रयास किया, बल्कि अभियुक्तों को गिरफ्तार करने की भी कोशिश की। इसी दौरान अभियुक्तों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दुर्गेश सिंह को तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनका दुखद निधन हो गया।

आज पुलिस लाइन चंदौली में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शहीद दुर्गेश कुमार सिंह के शौर्य और बलिदान को याद किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य लांग्हे ने शहीद के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि पुलिस विभाग हमेशा उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि शहीद दुर्गेश कुमार सिंह ने कर्तव्य की वेदी पर अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। इस दुख की घड़ी में पूरा पुलिस परिवार शहीद के परिवार के साथ है।