Delhi News : अब सपना नहीं हकीकत! दिल्ली से महज 12 घंटे में ट्रेन से पहुँचें कश्मीर, वंदे भारत और चिनाब ब्रिज से संभव हुआ सफर
दिल्ली से कश्मीर तक की ट्रेन यात्रा अब महज 11-13 घंटे में पूरी की जा सकती है, जो पहले अकल्पनीय था। चिनाब रेलवे ब्रिज और वंदे भारत एक्सप्रेस की नई कनेक्टिविटी ने इसे संभव बनाया है। जानें कैसे आप दिल्ली से सुबह निकलकर शाम तक कश्मीर की वादियों में पहुँच सकते हैं।

क्या आपने कभी सोचा है कि आप दिल्ली से सुबह करीब 6 बजे अपने घर से निकलें और महज 12 घंटे में कश्मीर की वादियों का आनंद ले रहे हों, और वो भी ट्रेन से? रुकिए, ये कोई ख्वाब नहीं है, बल्कि अब यह सच में संभव है! नए रूट और ट्रेनों की वजह से अब आप कश्मीर तक का सफर ट्रेन से ही पूरा कर सकते हैं, जो कि कुछ समय पहले तक नामुमकिन था। चिनाब ब्रिज के शुरू हो जाने और वंदे भारत एक्सप्रेस की कनेक्टिविटी से यह संभव हो पाया है।
आज, 6 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई, जो कि कटरा से श्रीनगर के बीच चलनी है। यह घाटी के बाकी के हिस्सों को रेलवे रूट से जोड़ने में एक बड़ी कड़ी है। इससे पहले पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर में दुनिया के सबसे ऊँचे मेहराब वाले रेलवे पुल, चिनाब रेलवे ब्रिज, का उद्घाटन किया था। इसके अलावा अंजी नदी पर बने भारत के पहले 'केबल स्टेड' ब्रिज का भी उद्घाटन किया गया। इन सभी की वजह से अब दिल्ली से श्रीनगर तक की यात्रा महज कुछ घंटों की ही रह गई है। आप यह यात्रा 11 से 13 घंटे में पूरी कर सकेंगे।
दिल्ली से कटरा तक का सफर
इस यात्रा को पूरा करने के लिए सबसे अहम पड़ाव है श्री माता वैष्णोदेवी कटरा रेलवे स्टेशन। कटरा इस रूट का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहाँ से आपको दोनों रूट के लिए कनेक्टेड ट्रेनें मिलेंगी। दिल्ली से कटरा जाने के लिए कई ट्रेनें उपलब्ध हैं:
- जम्मू राजधानी: नई दिल्ली से रात 8:40 पर चलती है और सुबह 5 बजे कटरा पहुँचाती है।
- वंदे भारत एक्सप्रेस: नई दिल्ली से सुबह 6 बजे चलकर दोपहर 2 बजे कटरा पहुँचाती है।
- मालवा एक्सप्रेस: सुबह 4:30 पर चलकर दोपहर 2:30 पर कटरा पहुँचाती है।
- उत्तर संपर्क क्रांति: रात 8:30 पर चलकर सुबह 5:20 पर कटरा पहुँचाती है।
कटरा से आगे श्रीनगर तक का विकल्प
इन ट्रेनों के ज़रिए आप कटरा स्टेशन तक पहुँच जाएँगे। यहाँ कुछ समय तक इंतज़ार करने के बाद आप सीधे श्रीनगर के लिए ट्रेन ले सकते हैं। कटरा से श्रीनगर के रूट पर फिलहाल दो वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं, जो कटरा से बनिहाल होते हुए श्रीनगर पहुँचती हैं:
- पहली वंदे भारत: सुबह 8:10 बजे कटरा से शुरू होकर 9:56 पर बनिहाल होते हुए 11:08 पर श्रीनगर पहुँचाती है।
- दूसरी वंदे भारत: दोपहर 2:55 पर कटरा से चलकर बनिहाल पर 4:40 बजे पहुँचती है और शाम 5:53 पर श्रीनगर पहुँचाती है।