Jaunpur News : कोबरा के डसने से यूट्यूबर 'मुरली वाले हौसला' गंभीर, अस्पताल में भर्ती

जौनपुर में सांपों के रक्षक के तौर पर जाने जाने वाले यूट्यूबर 'मुरली वाले हौसला' को कोबरा सांप ने रेस्क्यू के दौरान डस लिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी।

Jaunpur News : कोबरा के डसने से यूट्यूबर 'मुरली वाले हौसला' गंभीर, अस्पताल में भर्ती

Jaunpur News : जौनपुर से एक चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां जीवों के रक्षक के तौर पर काम करने वाले मशहूर यूट्यूबर 'मुरली वाले हौसला' को एक कोबरा सांप ने उस वक्त डस लिया, जब वे उसका रेस्क्यू करने गए थे। इस हिम्मत भरे काम के दौरान सांप के काटने के बावजूद हौसला ने उसे बाहर निकाला, लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और फिलहाल उनका इलाज जारी है।

बारिश का मौसम आ रहा है, और सर्प दंश की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। इन दिनों सर्पों की रक्षा कर आम जनता को भी इससे बचाने की मुहिम छेड़ने वाले युवा 'मुरली वाले हौसला' की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें रेस्क्यू के दौरान कोबरा सांप ने डंस लिया था। जानकारी के अनुसार, उनकी टीम को सूचना मिली कि एक सांप जाल में फंसकर तड़प रहा है।

फिर क्या, हौसला उसे काबू पाने के लिए चल दिए। पहले पहुंचे और देखा, फिर उसे निकालने का प्रयास किया, तभी सांप ने उनको डस लिया। समय सुबह के 9 बजकर 54 मिनट हुए थे। हालांकि, उनके पास इंजेक्शन होता है, लेकिन उन्होंने कहा कि जब तक चिकित्सक आएगा तब तक वे अस्पताल पहुंच जाएंगे। अस्पताल जाने के लिए कार में बैठे, लेकिन कार स्टार्ट नहीं हुई और अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी आंखों के सामने अंधेरा छाने लगा। 35 मिनट का समय लगा और बाइक से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। टीम के सदस्यों की मानें तो उन्होंने सांप के काटने के बाद भी उसे काबू किया और फिर उनका हाल गंभीर हो गया। साथ के लोगों ने जहां सांप ने काटा था, उसके छह इंच ऊपर कपड़ा बांधा था।

जैसे ही अस्पताल पहुंचे, उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है। चिकित्सक डॉक्टर बीएस उपाध्याय की मानें तो जब सांप पकड़ने वाले इसका शिकार होकर गंभीर हो रहे हैं, तो आम जनता को सचेत रहना चाहिए। जब भी ऐसी परिस्थिति आए, बिना समय गंवाए घायल स्थान के छह इंच ऊपर बांधकर अस्पताल ले जाना चाहिए और झाड़-फूंक से पूरी तरह से बचना चाहिए।

जीवों से प्रेम को हौसला रखते हैं मुरलीवाले:

अक्सर देखा जाता है कि सांप या तो जनता को नुकसान पहुंचा देते हैं, या फिर जनता उन्हें नुकसान पहुंचा देती है। युवा समाजसेवी ने प्रकृति के सामंजस्य को बनाए रखने का संकल्प लिया है। वे सांपों को पकड़ते हैं और उन्हें ले जाकर जंगल में छोड़ देते हैं।

वे जनता को यह भी बताते हैं कि सांप प्रकृति के लिए कितने जरूरी हैं। इसके साथ ही, वे सर्प दंश के अंधविश्वास से बचने का भी संदेश देते हैं। उन्होंने पूरी टीम बना रखी है। जब भी उन्हें कोई सूचना देता है कि यहां पर सांप दिखा है, वे तुरंत अपनी टीम लेकर उसे पकड़ने पहुंच जाते हैं और लोगों को संदेश देते हैं कि इन्हें मारें नहीं।

समर्थक कर रहे प्रार्थना:

अस्पताल में सर्पदंश से अपना इलाज करा रहे मुरलीवाले हौसला की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है, लेकिन उनके प्रशंसक और समर्थक प्रार्थना कर रहे हैं कि वे जल्द से जल्द ठीक हों और जनता की सेवा के साथ जीवों की रक्षा कर सकें।