Raipur : उप मुख्यमंत्री अरुण साव सामूहिक विवाह समारोह में शामिल, 28 जोड़ों को दिया आशीर्वाद
रायपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव सामूहिक विवाह समारोह में शामिल, 28 जोड़ों को दिया आशीर्वाद। घोयनबहारा में सामुदायिक शेड के लिए 15 लाख की घोषणा।

रायपुर: उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड के घोयनबहारा में सूरमाल साहू समाज द्वारा आयोजित सामूहिक आदर्श विवाह स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस समारोह में समाज के 28 जोड़ों का विधिवत विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वर्ष 1975 में इस आयोजन की नींव रखने वाले वरिष्ठ दंपत्तियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, एकजुटता और पारिवारिक मूल्यों का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। पिछले 50 वर्षों से इस परंपरा का निरंतर निर्वहन करना प्रशंसनीय है। समाज में एकता और सहयोग का यह रूप भविष्य के लिए हमें नई प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की।
उप मुख्यमंत्री साव ने कार्यक्रम में घोयनबहारा में सामुदायिक शेड के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बागबाहरा से पिथौरा मार्ग पर एक भव्य स्वागत द्वार के निर्माण की भी घोषणा की। यह द्वार क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेगा।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने भी समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 में शुरू हुआ यह सामूहिक विवाह आयोजन आज एक सामाजिक आंदोलन बन चुका है। यह केवल विवाह नहीं है, बल्कि सामाजिक चेतना, सह-अस्तित्व और समानता का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए समाज की इस सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विधायक द्वारिकाधीश यादव, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, साहू समाज के जिला अध्यक्ष धरमदास साहू, जिला स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, सूरमाल साहू समाज के संरक्षक नारायण लाल साहू, भेखलाल साहू और देवेश साहू सहित समाज के सैकड़ों गणमान्यजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।