ऋचा दीक्षित बनीं 'ससुराल गेंदा फूल' की दुल्हन, फर्स्ट लुक में दिखा दमदार अंदाज
भोजपुरी फिल्म "ससुराल गेंदा फूल" का फर्स्ट लुक जारी, ऋचा दीक्षित बनीं दुल्हन, घोड़ी चढ़कर ससुराल जाती दिखीं। फिल्म में ऋतेश उपाध्याय और समर्थ चतुर्वेदी भी मुख्य भूमिकाओं में।

वाराणसी: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में एक नई मनोरंजक और पारिवारिक फिल्म दस्तक देने वाली है - "ससुराल गेंदा फूल"। हाल ही में इस फिल्म का पहला लुक जारी किया गया है, जिसने भोजपुरी सिनेमा प्रेमियों के बीच उत्साह का माहौल पैदा कर दिया है। एसआरके म्यूजिक प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी इस फिल्म में अभिनेत्री ऋचा दीक्षित मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जो एक दमदार महिला प्रधान किरदार निभा रही हैं। फर्स्ट लुक में ऋचा दीक्षित सजी-धजी दुल्हन के रूप में घोड़ी पर सवार होकर अपने ससुराल जाती हुई दिखाई दे रही हैं, जो पारंपरिक सोच को चुनौती देता है।
फिल्म के फर्स्ट लुक को लेकर ऋचा दीक्षित ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, "यह फिल्म मेरे करियर की सबसे खास फिल्मों में से एक है। इसमें मेरा किरदार रूढ़िवादी विचारों को तोड़ता है और एक नया उदाहरण स्थापित करता है। जब मैंने इस फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ी, तभी मैंने निश्चय कर लिया था कि मैं इस किरदार को अवश्य निभाऊंगी। एक दुल्हन का घोड़ी पर चढ़कर ससुराल जाना समाज को एक सकारात्मक संदेश देता है - कि अब लड़कियां भी आत्मनिर्भर, मजबूत और अपने फैसले स्वयं लेने में सक्षम हैं।"
ऋचा ने आगे फिल्म के बारे में बताते हुए कहा, "यह फिल्म पूरी तरह से पारिवारिक, मनोरंजक और एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश से भरपूर है। मुझे पूरी उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म को उतना ही प्यार देंगे जितना हमने इसे बनाने में मेहनत की है। शूटिंग के दौरान पूरी टीम का सहयोग और माहौल बहुत ही शानदार रहा। विशेष रूप से निर्देशक संजय श्रीवास्तव जी और मेरे सह-कलाकारों ने हर दृश्य को जीवंत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।"
एसआरके म्यूजिक प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी इस फिल्म में ऋचा दीक्षित के साथ भोजपुरी सिनेमा के उभरते हुए सितारे रितेश उपाध्याय और अनुभवी कलाकार समर्थ चतुर्वेदी, विनोद मिश्रा, श्रद्धा नवाल, सोनिया मिश्रा, पूजा ठाकुर और शिल्पी राघवानी जैसे जाने-माने चेहरे भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
"ससुराल गेंदा फूल" का निर्देशन संजय श्रीवास्तव ने किया है, जबकि इसके निर्माता रोशन सिंह और सह-निर्माता शर्मिला आर. सिंह हैं। फिल्म की कहानी अमित झा ने लिखी है, जो सामाजिक रिश्तों और पारिवारिक मूल्यों की गहराई को छूती है।
फिल्म का संगीत भी दर्शकों के लिए एक खास आकर्षण होगा। ओम झा के संगीत निर्देशन में तैयार किए गए गानों को प्यारे लाल यादव, राकेश निराला और धर्म हिंदुस्तानी जैसे प्रसिद्ध गीतकारों ने लिखा है।
सिद्धार्थ सिंह ने फिल्म की सिनेमैटोग्राफी की है, जबकि संतोष हरावड़े ने इसका संपादन किया है, जिससे फिल्म तकनीकी रूप से भी काफी मजबूत नजर आ रही है। इसके अतिरिक्त, फिल्म में बेहतरीन कोरियोग्राफी, आकर्षक वेशभूषा और प्रभावी बैकग्राउंड स्कोर का भी समावेश है, जो दर्शकों को एक संपूर्ण पारिवारिक मनोरंजन का अनुभव कराएगा।
फिल्म की टीम का दावा है कि "ससुराल गेंदा फूल" का फर्स्ट लुक जितना आकर्षक है, इसकी कहानी भी उतनी ही दिलचस्प होगी। भोजपुरी सिनेमा के दर्शक जल्द ही इस अनोखी और मनोरंजक फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने का आनंद ले पाएंगे।