कभी सिर्फ 500 रुपये कमाती थीं सोनाक्षी सिन्हा, अब हैं इतने करोड़ की मालकिन
From earning ₹500 as a volunteer to owning ₹100 crore, revisit Sonakshi Sinha's inspiring journey and net worth on her 38th birthday.

अक्षय कुमार, अजय देवगन और सलमान खान जैसे सुपरस्टार्स के साथ कई सुपरहिट फिल्में दे चुकीं सोनाक्षी सिन्हा ने अपने नाम के साथ खूब दौलत भी कमाई है। आज, 2 जून 2025 को अपना 38वां जन्मदिन मना रहीं सोनाक्षी करोड़ों की संपत्ति की मालकिन हैं। लेकिन एक वक्त था जब इस मशहूर अभिनेत्री को एक दिन के काम के लिए सिर्फ 500 रुपये मिलते थे। उनके जन्मदिन के इस खास मौके पर आइए जानते हैं कि सोनाक्षी सिन्हा कितनी अमीर हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी ने अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए 2010 में सलमान खान के साथ फिल्म 'दबंग' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई और सोनाक्षी को रातोंरात पहचान मिल गई। उन्होंने शुरुआती दौर में कई बड़ी हिट फिल्में दीं, जिनमें 'राउडी राठौर' और 'हॉलिडे' जैसी फिल्में शामिल हैं, जिनमें उन्होंने अक्षय कुमार के साथ काम किया। अजय देवगन के साथ वह 'सन ऑफ सरदार' में भी नजर आईं। हालांकि, इसके बावजूद वह खुद को टॉप अभिनेत्रियों की लिस्ट में स्थापित नहीं कर पाईं और उन्होंने फिल्मों में काम करना भी कम कर दिया है।
लेकिन, फ्लॉप फिल्मों के बावजूद सोनाक्षी सिन्हा आज करोड़ों की संपत्ति की मालकिन हैं। हालांकि, एक समय ऐसा था जब वह एक दिन के सिर्फ 500 रुपये कमाती थीं।
500 रुपये कमाती थीं सोनाक्षी:
बिहार की राजधानी पटना में जन्मी सोनाक्षी को बचपन से ही फिल्मी माहौल मिला। उनके पिता शत्रुघ्न सिन्हा अपने समय के एक दिग्गज अभिनेता रहे हैं। इसके बावजूद, कॉलेज के दिनों में सोनाक्षी को एक फैशन वीक में वॉलंटियर के तौर पर काम करना पड़ा था, जिसके लिए उन्हें प्रतिदिन 500 रुपये मिलते थे। उन्होंने छह दिनों तक काम किया और बदले में उन्हें 3,000 रुपये का चेक मिला था। सोनाक्षी ने वह चेक अपने माता-पिता को सौंप दिया था, जिसे उनकी मां ने आज तक फ्रेम करवाकर घर में रखा है।
कितनी अमीर हैं सोनाक्षी सिन्हा?
सोनाक्षी सिन्हा ने श्रीमती नाथीबाई दामोदर ठाकरसी महिला विश्वविद्यालय (एसएनडीटी) से फैशन डिजाइनिंग में ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद उन्होंने अपनी मां पूनम सिन्हा द्वारा निर्मित फिल्म 'मेरा दिल लेके देखो' के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइनर के रूप में भी काम किया। 2008-09 में उन्होंने लैक्मे फैशन वीक में रैंप वॉक भी किया। लेकिन 2010 में 'दबंग' से उन्होंने बॉलीवुड में बतौर अभिनेत्री कदम रखा और नाम के साथ खूब पैसा भी कमाया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोनाक्षी सिन्हा अब लगभग 100 करोड़ रुपये की संपत्ति की मालकिन हैं। उनकी आय का मुख्य स्रोत फिल्में, ब्रांड एंडोर्समेंट और विभिन्न व्यावसायिक उद्यम हैं।