Tiranga Yatra in Varanasi : दिल में जोश, सड़क पर तिरंगा यात्रा - ऑपरेशन सिंदूर को काशी का सलाम, गलियों में गूंजा 'जय हिंद, जय भारत'

दिल में जोश, सड़क पर तिरंगा यात्रा: ऑपरेशन सिंदूर को काशी का सलाम, गलियों में गूंजा-जय हिंद, जय भारत; तस्वीरें।

Tiranga Yatra in Varanasi : दिल में जोश, सड़क पर तिरंगा यात्रा - ऑपरेशन सिंदूर को काशी का सलाम, गलियों में गूंजा 'जय हिंद, जय भारत'

Tiranga Yatra in Varanasi : शनिवार को काशी नगरी देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गई। पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर भारतीय सेना के शौर्य का लोहा मनवाने वाले 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता का जश्न वाराणसी में भव्य तिरंगा यात्रा निकालकर मनाया गया। इस विशाल आयोजन में काशी के लोगों ने उमंग और उत्साह के साथ भाग लिया और भारतीय सैनिकों के प्रति अपना गहरा आभार व्यक्त किया।

जनपद स्तर पर आयोजित यह विशाल भारत शौर्य तिरंगा यात्रा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गेट नंबर 2 से शुरू हुई। यात्रा गेट नंबर 3 से होते हुए सरदार पटेल चौराहा, मलदहिया, लहुराबीर से गुजरी और अंत में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान पर समाप्त हुई।

इस भव्य तिरंगा यात्रा को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के खेल मैदान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

वरिष्ठ भाजपा नेता महेश चंद्र श्रीवास्तव ने अपनी टीम के साथ पूरे मार्ग पर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और स्वयं भी यात्रा में शामिल रहे। वहीं, श्रीवल्लभ युवक परिषद के अध्यक्ष लोकेश गुप्ता, मंत्री प्रदीप कुमार और कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट रोशन गुजराती ने भी यात्रा का भव्य स्वागत किया।

तिरंगा यात्रा के दौरान, सड़कों के दोनों ओर खड़े लोग और अपने घरों की छतों से इस अद्भुत दृश्य का वीडियो बनाते नजर आए। बच्चे भी वहीं से भारतीय ध्वज को सलामी दे रहे थे। यात्रा में शामिल लोग हाथों में तिरंगा लहरा रहे थे, वहीं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं 250-250 मीटर लंबे विशाल तिरंगे को हाथों में थामे 'भारत माता की जय' और 'जय हिंद' के गगनभेदी नारे लगाते हुए चल रहे थे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी पूरे रास्ते यात्रा में साथ रहे।

जब यात्रा मलदहिया चौराहे पर पहुंची, तो उपमुख्यमंत्री ने वहां स्थित भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा और लहुराबीर स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित करते हुए भारत की एकता और अखंडता का संकल्प लिया गया। इसके बाद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यह संकल्प दोहराया गया कि भारत एक है, भारत श्रेष्ठ है और भारत विजेता है। इस अवसर पर भारतीय सेना को उनकी बहादुरी और सफलता के लिए बधाई भी दी गई।

तिरंगा यात्रा के प्रति काशीवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, महिलाएं, एनसीसी के कैडेट, पूर्व सैनिक, सामाजिक संस्थाओं के सदस्य, विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि और काशी में रहने वाले विभिन्न भाषा-भाषी समुदायों के लोग अपनी पारंपरिक वेशभूषा में तिरंगा लिए 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारों से आकाश गुंजायमान कर रहे थे।

तिरंगा यात्रा में सबसे आगे महिलाएं, महिला स्वयंसेवी संगठन, विभिन्न धार्मिक और आध्यात्मिक समूहों के सदस्य, अल्पसंख्यक समुदाय के लोग, डॉक्टर, अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) और शिक्षक जैसे विभिन्न पेशेवर समूहों के लोग शामिल थे। उनके पीछे आईटीआई और उच्च शिक्षा संघ के छात्र एवं स्टाफ चल रहे थे, जिसके बाद एनसीसी, भारत स्काउट गाइड और एनएसएस के छात्र थे।

यात्रा में एनडीआरएफ, 39 जीटीसी, सीआरपीएफ, पीएससी और पुलिस बैंड के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्स के बैंड और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक भी शामिल हुए। शहर के विभिन्न एसोसिएशन जैसे लायंस क्लब, सिविल डिफेंस, रेड क्रॉस, नव युवक मंगल दल, नेहरू युवा केंद्र के सदस्य, विभिन्न खेलों के खिलाड़ी और आईआईएमए के सदस्य भी यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे थे। सफाई मित्र, कोटेदार और सिविल डिफेंस के सदस्य भी पीछे-पीछे चल रहे थे। जिले की सभी आठ विधानसभाओं - उत्तरी, दक्षिणी, केंट, सेवापुरी, रोहनिया, शिवपुर, अजगरा और रोहनिया - के गणमान्य नागरिक भी इस गौरवशाली यात्रा में शामिल हुए। अंत में शहर के विभिन्न इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राएं चल रहे थे।

इस भव्य कार्यक्रम में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति आनंद कुमार त्यागी, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, महापौर अशोक तिवारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, विधायक नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक अवधेश सिंह, विधायक टी राम, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी अश्वनी त्यागी, पूर्व विधायक जगदीश पटेल, एमएलसी धर्मेंद्र राय, पूर्व महापौर राम गोपाल मोहले, मृदुला जायसवाल, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी और सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर जैसे प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

डिप्टी सीएम ने खरीदा आठ हजार का आम:

तिरंगा यात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मलदहिया पर सड़क किनारे ठेले पर आम बेच रहे एक युवक से आमों के बारे में पूछा। युवक ने बताया कि ये लंगड़ा आम हैं। उपमुख्यमंत्री ने एक आम चखा और फिर पूरे ठेले के आमों का दाम पूछा। युवक ने आठ हजार रुपये बताए, जिस पर उपमुख्यमंत्री ने सभी आमों को खरीदने और लोगों को खिलाने का आदेश देते हुए युवक को आठ हजार रुपये का भुगतान कर दिया।

तिरंगा यात्रा में शामिल रहीं प्रमुख सामाजिक संस्थाएं:

यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सुसज्जित मंच बनाए गए थे, जहां शहनाई वादकों ने देशभक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुति दी और पदाधिकारियों ने गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर यात्रा का आत्मीय अभिनंदन किया। कार्यक्रम संयोजक दीपक जायसवाल मोनू और अजय गुप्ता भी इस दौरान सक्रिय रहे। महानगर उद्योग व्यापार समिति ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी नॉर्थ के सदस्य, काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल और आईएमए के सदस्य भी तिरंगा यात्रा में शामिल रहे और देशभक्ति के जज्बे को सलाम किया।