हाउसफुल 5 रिलीज़ के बीच एक्टर डिनो मोरिया के घर ED का छापा: मीठी नदी गाद घोटाले से जुड़ा है मामला, 15 ठिकानों पर रेड

बॉलीवुड एक्टर डिनो मोरिया के बांद्रा स्थित घर पर शुक्रवार (आज) सुबह ईडी ने मीठी नदी गाद घोटाला मामले में छापा मारा है। यह मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा 65 करोड़ रुपये का मामला है, जिसमें मुंबई और केरल समेत 15 जगहों पर छापेमारी की जा रही है। मामले में राजनीतिक एंगल भी सामने आ रहा है।

हाउसफुल 5 रिलीज़ के बीच एक्टर डिनो मोरिया के घर ED का छापा: मीठी नदी गाद घोटाले से जुड़ा है मामला, 15 ठिकानों पर रेड

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर डिनो मोरिया की फिल्म 'हाउसफुल 5' की रिलीज़ की खबरों के बीच उनके बांद्रा स्थित घर पर आज शुक्रवार, 6 जून 2025 को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापा मारा है। यह कार्रवाई मीठी नदी गाद घोटाला मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों से जुड़ी है, जिसमें एक्टर पहले से ही जांच के घेरे में थे।

सुबह 8 बजे से ही डिनो मोरिया के घर पर तलाशी ली जा रही है। इस मामले में एक्टर से पहले भी मुंबई पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) दो बार पूछताछ कर चुकी है और उन्हें समन भी भेजा गया था। ईडी की टीम कुछ कागजात के लिए उनके बांद्रा स्थित आवास पर पहुँची है।


15 जगहों पर छापेमारी, राजनीतिक एंगल भी शामिल

यह छापेमारी धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है, और इस मामले में कुल 15 जगहों पर छापेमारी चल रही है। इनमें मुंबई से लेकर केरल का कोच्चि भी शामिल है। इस छापे से पहले भी डिनो मोरिया और उनके भाई सैंटिनो को EOW ने कुछ ज़रूरी डॉक्यूमेंट्स के साथ तैयार रहने के लिए कहा था।

हालांकि, इस मामले में भी चीजें राजनीतिक मोड़ लेती नज़र आ रही हैं। दरअसल, डिनो मोरिया को शिवसेना (ठाकरे गुट) के युवा नेता और विधायक आदित्य ठाकरे का काफी करीबी माना जाता है। इसको लेकर यह कहा जा रहा है कि नगर निगम चुनाव से पहले ठाकरे गुट को मुश्किल में डालने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।


क्या है मीठी नदी गाद घोटाला मामला?

यह मामला लगभग 20 साल से चल रहे मुंबई में मीठी नदी से गाद निकालने वाले प्रोजेक्ट का है। इस प्रोजेक्ट के लिए 1100 करोड़ रुपये का ठेका दिया गया था। शुरुआती जांच में पता चला है कि इस दौरान कुल 18 ठेकेदारों को इसका ठेका दिया गया था। बाद में बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने उपकरण किराये पर लेने में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया है। जिसके बाद 65 करोड़ 54 लाख रुपये का नुकसान पहुँचाने का आरोप लगाया गया है, जिसको लेकर ईडी की जांच चल रही है।

यह मामला बॉलीवुड और राजनीति, दोनों क्षेत्रों में गहमा-गहमी का विषय बन गया है, और ईडी की जांच के बाद आगे क्या खुलासे होते हैं, यह देखना बाकी है।