ऑपरेशन सिंदूर पर विवादित टिप्पणी: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली गुरुग्राम से गिरफ्तार
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को ऑपरेशन सिंदूर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में कोलकाता पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। शर्मिष्ठा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें एक विशेष धार्मिक समुदाय के लिए अपमानजनक बातें कही गई थीं।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली एक बड़ी मुसीबत में फंस गई हैं। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर उनकी एक विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट के बाद कोलकाता पुलिस ने उन्हें गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है। ऑपरेशन सिंदूर, जिस पर पूरी दुनिया में भारत की कार्रवाई की सराहना हो रही है, को लेकर शर्मिष्ठा पनोली ने कुछ ऐसी टिप्पणी कर दी, जिसने कानूनी कार्रवाई को आमंत्रित कर लिया।
कोलकाता पुलिस ने पुणे की लॉ की छात्रा और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शर्मिष्ठा पनोली को ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में पकड़ा गया है।
पुलिस के मुताबिक, शर्मिष्ठा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में एक विशेष धार्मिक समुदाय के लिए अपमानजनक टिप्पणियां की गई थीं। हालांकि अब यह वीडियो डिलीट कर दिया गया है, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर पर बनाए गए इस वीडियो में शर्मिष्ठा के कमेंट में एक खास धर्म को लेकर टिप्पणी की गई थी, जिसके बाद यह तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर काफी हंगामा मच गया, जिसके बाद शर्मिष्ठा पनोली के खिलाफ कोलकाता में एक शिकायत दर्ज कराई गई। इसी शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शर्मिष्ठा को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शर्मिष्ठा ने बताया कि इस शिकायत के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा और उन्हें बलात्कार की धमकियां भी मिलीं। इसके बाद शर्मिष्ठा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने वीडियो पर माफी भी मांगी थी और उस वीडियो को डिलीट भी कर दिया था। हालांकि, यह विवाद शांत नहीं हुआ और आखिरकार उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
अपने वायरल वीडियो में शर्मिष्ठा ने बॉलीवुड के कुछ सितारों को भी निशाना बनाया था। उन्होंने कुछ सेलेब्स के लिए कहा था कि वे अपनी फिल्मों में देश के लिए जान देने की बातें करते हैं, लेकिन जब वास्तव में देश को जरूरत पड़ती है तो वे गायब हो जाते हैं। फिलहाल, पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।